दमोह। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दमोह पुलिस द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को स्टेट बैंक चौराहा (किल्लाई नाका) पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (IPS) के नेतृत्व में हेलमेट वितरण एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के साथ दोपहिया वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों के पालन की स्थिति देखी। जो वाहन चालक हेलमेट पहनकर नियमों का पालन करते हुए मिले, उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को रोककर चालानी कार्रवाई की गई और हेलमेट पहनने की समझाइश दी गई। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं वाहन चालकों को जीवन की सुरक्षा का महत्व समझाते हुए निःशुल्क हेलमेट वितरित किए और सुरक्षित वाहन चलाने का संकल्प दिलाया।
10 साल पहले हुए हादसे ने बदल दी जिंदगी, बने दूसरों के लिए मिसाल
अभियान के दौरान एक प्रेरणादायक उदाहरण भी सामने आया। चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाते हुए पहुंचे। उन्होंने बताया कि करीब 10 वर्ष पहले वे एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। उस हादसे के बाद उन्होंने संकल्प लिया कि अब जीवनभर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनेंगे।
उनकी जागरूकता और जिम्मेदारी की पुलिस अधीक्षक ने सराहना की। उन्होंने अन्य वाहन चालकों से भी अपील की कि दुर्घटना कभी बताकर नहीं आती, इसलिए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। हेलमेट चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच है।
दमोह पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं और पीछे बैठने वाली सवारी को भी ISI मार्क हेलमेट अवश्य पहनाएं। तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाएं, यातायात संकेतों का पालन करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें।


More Stories
87 वर्षों से चली आ रही तुलसी पूजन की परंपरा, भक्ति गीतों पर झूमीं कतकारियां..जैन बड़ा मंदिर में 13 से 15 नवंबर तक होगा भव्य धार्मिक महोत्सव, वेदी प्रतिष्ठा और कलशारोहण की तैयारियां पूर्ण..
मारुताल की वैष्णवी गौशाला में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव, राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी बोले- प्रकृति संरक्षण और गौसेवा का पर्व है गोवर्धन पूजा..
दमोह पुलिस का जुआरियों पर बड़ा शिकंजा, तेंदूखेड़ा और रनेह में 6 स्थानों पर छापेमारी, 32 जुआरी गिरफ्तार, 13 हजार 220 रुपये जब्त..