पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने जनरल परेड का किया निरीक्षण, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने पुलिस बल को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश..

Spread the love

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने जनरल परेड का किया निरीक्षण, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने पुलिस बल को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

दमोह। पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (IPS) द्वारा शुक्रवार को स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक जनरल परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सर्वप्रथम परेड की सलामी ली और पुलिस जवानों की अनुशासित एवं व्यवस्थित परेड का बारीकी से अवलोकन किया। परेड के माध्यम से पुलिस बल के अनुशासन, शारीरिक दक्षता और कार्य के प्रति तत्परता का जायजा लिया गया।

जनरल परेड के निरीक्षण के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों का भी विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक वाहन की स्थिति, रखरखाव तथा उनमें उपलब्ध आपातकालीन उपकरणों की उपलब्धता की जांच की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं वाहन चालकों को निर्देशित किया कि सभी शासकीय पुलिस वाहनों में आवश्यक आपातकालीन संसाधन हमेशा उपलब्ध रहने चाहिए, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर सके।

पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि पुलिस वाहनों में पर्याप्त संख्या में हेलमेट, दंगा नियंत्रण सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति, भीड़ नियंत्रण अथवा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैयारी पूरी होनी चाहिए। वाहनों में उपलब्ध संसाधनों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल उसे पूरा कराया जाए।

निरीक्षण के उपरांत पुलिस जवानों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। मार्च पास्ट के दौरान पुलिस बल ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और एकजुटता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अगले चरण में पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने जवानों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं उनके समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के उचित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए तथा जवानों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

उन्होंने पुलिस बल को बेहतर कार्यप्रणाली, अनुशासन और आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस प्रकार साप्ताहिक जनरल परेड के माध्यम से जहां पुलिस बल की कार्यक्षमता एवं तैयारियों का जायजा लिया गया, वहीं जवानों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी पहल की गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्री एच.आर. पांडेय सहित जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस चौकियों से आए अधिकारी एवं पुलिस जवान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

About The Author

You may have missed