दमोह: अवैध पत्थर उत्खनन को लेकर वन विभाग और आरोपियों के बीच सड़क पर हंगामा, एक गिरफ्तार
दमोह, मध्य प्रदेश।
दमोह वन परिक्षेत्र के बालाकोट क्षेत्र में अवैध पत्थर उत्खनन को लेकर शुक्रवार देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। अवैध खनन में संलिप्त आरोपियों और वन विभाग के कर्मचारियों के बीच नव जागृति स्कूल के समीप सड़क पर करीब एक घंटे तक जमकर बहसबाजी और धक्का-मुक्की हुई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दमोह रेंजर विक्रम चौधरी ने अपनी टीम के साथ मौके पर छापेमारी की और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरे पत्थरों को जब्त किया। जब टीम जब्त ट्रॉलियों को दमोह रेंज कार्यालय ले जा रही थी, तभी रास्ते में नव जागृति स्कूल के पास आरोपियों ने एकजुट होकर ट्रॉलियों को छुड़ाने की कोशिश की। आरोपियों की इस हरकत से बीच सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और उनमें से एक ट्रॉली को वे छुड़ाने में सफल भी हो गए।

घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
फरार आरोपियों की तलाश में वन विभाग और कोतवाली पुलिस द्वारा संयुक्त टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले ने अवैध खनन को लेकर प्रशासन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई को एक बार फिर सामने ला दिया है, वहीं वन विभाग की कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है।



More Stories
लोकमाता अहिल्या से हुआ 21वें राष्ट्रीय नाट्य समारोह का समापन..
संकल्प और एलान: शिवराज बोले अब – स्वागत नहीं,सिर्फ़ पौधारोपण..गाय को राष्ट्र पशु बनाने की मांग, हिंदू विधायकों पर कलंक ?,रामभक्ति की बहस में सवाल: भगवान राम की माता का नाम ?
एस आई आर में बदले की भावना से समुदाय विशेष के कांटे जा रहे नाम – मानक पटेल..