दमोह: किल्लाई नाका पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, चालक नशे में धुत—लोगों में आक्रोश
दमोह – शहर के किल्लाई नाका क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बोलेरो वाहन ने तेज रफ्तार में एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो चालक गाड़ी को लगभग 40–50 मीटर तक बाइक सवार को घसीटते हुए ले गया।

घायल युवक की पहचान ग्राम आम चोपड़ा, पटना राजा बैंक के पीछे निवासी भूपेंद्र राय उर्फ संदीप राय (जो कि सिविल कोर्ट, पथरिया से जुड़े हैं) के रूप में हुई है। इस दर्दनाक हादसे में उनके पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मौके पर पहुंचे 100 डायल के आरक्षक बेनी प्रसाद और पायलट नीरज ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों की सलाह पर जबलपुर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद बोलेरो चालक को लोगों ने नशे में बुरी तरह धुत पाया। लोगों का आक्रोश इस कदर भड़का कि उन्होंने मौके पर ही चालक की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने ड्राइवर और बोलेरो वाहन को अपनी हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो चालक नशे में था और टक्कर के बाद भी वाहन को नहीं रोका, जिससे घायल की हालत और गंभीर हो गई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
सड़क हादसों की बढ़ती घटनाएं—प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल
दमोह सहित अन्य शहरी क्षेत्रों में शराब के नशे में वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खासकर रात्रिकालीन समय में यह घटनाएं आम हो गई हैं। लोगों का कहना है कि महीने में एक बार होने वाली चेकिंग से कोई फर्क नहीं पड़ता, बल्कि प्रशासन को प्रतिदिन सख्ती से चेकिंग अभियान चलाना चाहिए।
बिना लाइसेंस, बिना परमिट और नशे में धुत ड्राइवरों के खिलाफ जब तक कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाना मुश्किल है। जनता ने प्रशासन से अपील की है कि अर्थदंड के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को अपनी जिम्मेदारी और प्रशासन का भय दोनों हो।
यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम न उठाए गए, तो सड़कें यूं ही लहूलुहान होती रहेंगी।



More Stories
लोकमाता अहिल्या से हुआ 21वें राष्ट्रीय नाट्य समारोह का समापन..
संकल्प और एलान: शिवराज बोले अब – स्वागत नहीं,सिर्फ़ पौधारोपण..गाय को राष्ट्र पशु बनाने की मांग, हिंदू विधायकों पर कलंक ?,रामभक्ति की बहस में सवाल: भगवान राम की माता का नाम ?
एस आई आर में बदले की भावना से समुदाय विशेष के कांटे जा रहे नाम – मानक पटेल..