पथरिया विधानसभा में दो नई सड़कों का भूमिपूजन, 10.41 करोड़ रुपये से होगा निर्माण..

Spread the love

पथरिया विधानसभा में दो नई सड़कों का भूमिपूजन, 10.41 करोड़ रुपये से होगा निर्माण

तालगांव-बड़ागांव और सगौनी-टिकरिया मार्ग से ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन की सुविधा, अंतिम गांव तक सड़क पहुंचाने की पहल

दमोह। पथरिया विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने ग्राम तालगांव और टिकरिया में आयोजित कार्यक्रमों में सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। दोनों सड़कों के निर्माण पर करीब 10.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि किसान के खेत तक पानी, घर तक सड़क और खेती के लिए बिजली पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। वह स्वयं किसान के बेटे हैं और किसानों की मूलभूत आवश्यकताओं को भली-भांति समझते हैं। यदि किसान को सिंचाई के लिए पानी, आवागमन के लिए सड़क और खेती के लिए बिजली उपलब्ध हो जाए, तो वह अपनी मेहनत और सामर्थ्य से बेहतर उत्पादन कर सकता है।

4.70 करोड़ की लागत से बनेगी तालगांव-बड़ागांव सड़क

पथरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तालगांव में बरोदा-भरोटा-तालगांव से बड़ागांव तक 3.50 किलोमीटर लंबाई की नवीन सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस सड़क का निर्माण 470.58 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि यह पथरिया विधानसभा क्षेत्र की अंतिम सड़क थी, जिसके अभाव में संबंधित गांव मुख्य सड़क से नहीं जुड़ पा रहे थे। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में जूड़ी, साजली, पंचमनगर और सीतानगर सहित चार प्रमुख बांधों के निर्माण से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं। जूड़ी नदी पर बने बांध का पानी भी एक वर्ष के भीतर क्षेत्र में पहुंचने की उम्मीद है।

राज्यमंत्री ने कहा कि पहले गर्मियों में पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की कमी रहती थी, लेकिन अब किसान गर्मियों में भी मूंग सहित अन्य फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में समृद्धि बढ़ रही है।

5.71 करोड़ से बनेगी सगौनी-टिकरिया सड़क

पथरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टिकरिया में सगौनी-टिकरिया मार्ग निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। 5.60 किलोमीटर लंबाई के इस मार्ग का निर्माण 571.32 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।

राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना और प्रत्येक ग्रामीण को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि पथरिया विधानसभा क्षेत्र के लगभग सभी गांवों को सड़क से जोड़ने का कार्य किया जा चुका है। टिकरिया गांव शेष रह गया था। करीब पांच-छह वर्ष पहले भी इस मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जोड़ने के प्रयास किए गए थे, लेकिन बीच में पुल निर्माण की तकनीकी और योजना संबंधी सीमाओं के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया।

अब लोक निर्माण विभाग के माध्यम से दोनों हिस्सों को जोड़ने का रास्ता निकाला गया है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद टिकरिया सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।

स्कूली बच्चों और मरीजों को मिलेगी राहत

गौरव पटेल ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। इस समस्या का समाधान होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से स्कूली बच्चों को आवागमन में सुविधा होगी। वहीं, किसी परिवार के सदस्य के बीमार होने पर अस्पताल तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।

दोनों सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से पथरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होने के साथ ही विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

About The Author