
दमोह पुलिस का ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान, साइबर सुरक्षा के प्रति हजारों नागरिकों को किया जागरूक
मोटरसाइकिल रैली, विद्यालयों में कार्यक्रम और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण, साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
दमोह, 25 जून। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दमोह पुलिस द्वारा जिलेभर में “SAFE CLICK 2.0” साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आनंद कालदगि (आईपीएस) के निर्देशन में गुरुवार को विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर विद्यार्थियों, युवाओं तथा आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, बैंकिंग धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के बारे में जानकारी देकर साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
दमोह शहर में निकली साइबर जागरूकता रैली
थाना कोतवाली दमोह द्वारा पुलिस अधीक्षक आनंद कालदगि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली में साइबर सेल, थाना कोतवाली, पुलिस लाइन एवं जिला पुलिस बल के जवान शामिल हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होकर गुजरी, जहां नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश दिए गए।
विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम
थाना पथरिया में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय की छात्राओं को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्राओं द्वारा रंगोली बनाकर भी साइबर जागरूकता का संदेश दिया गया।
थाना बटियागढ़ के अंतर्गत फतेहपुर कला चौकी परिसर में ग्रामीण नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। वहीं थाना हटा क्षेत्र में आकाश डांस एकेडमी की छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया गया।
थाना तेजगढ़ द्वारा ग्राम परासही में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अज्ञात लिंक और ओटीपी साझा करने से बचने की अपील
अभियान के दौरान पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाता या एटीएम संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
दमोह पुलिस का कहना है कि “SAFE CLICK 2.0” अभियान के माध्यम से जिले के हजारों नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा रहा है, ताकि डिजिटल दुनिया में लोगों को सुरक्षित रखा जा सके और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।


More Stories
जबेरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की वारदात का खुलासा; तीन आरोपी गिरफ्तार..
तहसील, जनपद और गांवों तक पहुंचेगा तिरंगा अभियान, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा..
पथरिया विधानसभा के चार सरकारी स्कूलों में शुरू होगा कृषि संकाय, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी..