ग्राम पंचायत सिंगपुर में भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच की मांग..

Spread the love

ग्राम पंचायत सिंगपुर में भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच की मांग

दमोह। दमोह जिले के पटेरा विकासखंड की ग्राम पंचायत सिंगपुर ग्राम रमपुरा में कथित भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024-25 में सीसी सड़क निर्माण के लिए राशि का आहरण कर लिया गया, लेकिन मौके पर निर्माण कार्य नहीं कराया गया। इसके अलावा गांव में तालाब गहरीकरण कार्य में भी अनियमितताएं बरते जाने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि हनुमान मंदिर परिसर में हैंडपंप लगाए जाने की स्वीकृति के बावजूद आज तक हैंडपंप नहीं लगाया गया। वहीं नीम के चबूतरे से कराए गए सीसी निर्माण कार्य में भी घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने और गुणवत्ता में कमी के आरोप लगाए गए हैं।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराकर दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराए जाने का आश्वासन दिया है।

About The Author