सांदीपनि स्कूल में ‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद’ आयोजित, विद्यार्थियों को कानून और सुरक्षा का दिया गया संदेश
महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा पर पुलिस अधिकारियों ने किया जागरूक, छात्रों ने पूछे सवाल
दमोह। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दमोह में ‘जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षा के प्रति सजग बनाना तथा पुलिस और समाज के बीच संवाद को मजबूत करना रहा।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सरस्वती पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। एएसपी भदौरिया ने विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी नारायण पटेल ने भारतीय संविधान एवं पॉक्सो अधिनियम, एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम एवं जेजे एक्ट, यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को ने सड़क सुरक्षा, साइबर सेल से राकेश अठ्या ने साइबर सुरक्षा तथा महिला थाना प्रभारी फेमिदा खान ने महिला सुरक्षा एवं संबंधित कानूनों की जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया। कार्यक्रम के अंत में छात्रों से साइबर अपराधों से सतर्क रहने, महिला सम्मान बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


More Stories
तहसील, जनपद और गांवों तक पहुंचेगा तिरंगा अभियान, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा..
पथरिया विधानसभा के चार सरकारी स्कूलों में शुरू होगा कृषि संकाय, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी..
जिला जेल का कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों से जाना हाल..