जिला जेल का कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों से जाना हाल..

Spread the love

जिला जेल का कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों से जाना हाल

भोजन, स्वास्थ्य और विधिक सहायता में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, मानकों के पालन के दिए निर्देश..

दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गुरुवार को जिला जेल दमोह का आकस्मिक निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं सुनीं।

कलेक्टर ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रत्येक बंदी को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन, आवास, साबुन-तेल, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं आवश्यकतानुसार विधिक सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि बंदियों के संवैधानिक एवं मौलिक अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि निर्धारित मेन्यू में अरहर की दाल के स्थान पर चने की दाल परोसी गई थी। उन्होंने खाद्यान्न वितरण के स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि रजिस्टर में दर्ज मात्रा और वास्तविक वितरण में अंतर पाया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने बंदियों से कहा कि यदि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानी, विधिक सहायता या अन्य किसी सुविधा को लेकर शिकायत हो तो तत्काल जेल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय पर उसका समाधान किया जा सके। साथ ही उन्होंने बंदियों को कानून का पालन करने, आपसी सौहार्द बनाए रखने और भविष्य में समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

About The Author