पथरिया विधानसभा के चार सरकारी स्कूलों में शुरू होगा कृषि संकाय, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी..
राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से मिली स्वीकृति, विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी कृषि शिक्षा; पथरिया-बटियागढ़ में 13-13 करोड़ की लागत से आईटीआई भवन भी होंगे शुरू..
दमोह। पथरिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी शैक्षणिक सौगात सामने आई है। शासन ने क्षेत्र के चार शासकीय विद्यालयों में कृषि संकाय प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे अब विद्यार्थियों को कृषि विषय की पढ़ाई के लिए दमोह, हटा या जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अपने क्षेत्र में ही कृषि शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय विद्यालय पथरिया, खड़ेरी, असलाना और बेलापुरवा में इसी सत्र से कृषि संकाय प्रारंभ किया जाएगा। क्षेत्र के ग्रामीणों और विद्यार्थियों द्वारा लंबे समय से इन विद्यालयों में कृषि विषय की पढ़ाई शुरू कराने की मांग की जा रही थी। शासन की स्वीकृति के बाद अब यह मांग पूरी हो गई है।
कृषि शिक्षा से विद्यार्थियों को मिलेंगे नए अवसर..
आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल के प्रयासों से यह स्वीकृति मिली है। राज्यमंत्री द्वारा पथरिया विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार शासन स्तर पर पहल की गई। कृषि संकाय शुरू होने से विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान, आधुनिक खेती की तकनीक, फसल प्रबंधन सहित कृषि आधारित रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी मिल सकेगी।
राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि कृषि प्रधान क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर कृषि शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होना विद्यार्थियों के साथ-साथ किसानों के परिवारों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के कृषि विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
परिवारों पर आर्थिक बोझ भी होगा कम..
पथरिया विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में परिवार कृषि पर निर्भर हैं। अब तक कृषि विषय की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दमोह, हटा अथवा जिले से बाहर जाना पड़ता था। इससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था। स्थानीय शासकीय विद्यालयों में कृषि संकाय शुरू होने से विद्यार्थियों को घर के नजदीक शिक्षा मिल सकेगी और अभिभावकों के खर्च में भी कमी आएगी। साथ ही दमोह के विद्यालयों पर विद्यार्थियों का अतिरिक्त दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
पथरिया और बटियागढ़ में 13-13 करोड़ की लागत से आईटीआई भवन..
राज्यमंत्री लखन पटेल के प्रयासों से क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में भी काम जारी है। पथरिया और बटियागढ़ में करीब 13-13 करोड़ रुपये की लागत से नए आईटीआई भवन स्वीकृत किए गए हैं, जिनका कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की बात कही गई है। इससे क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी और रोजगारपरक शिक्षा के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
क्षेत्रवासियों ने चार शासकीय विद्यालयों में कृषि संकाय शुरू करने की स्वीकृति और आईटीआई भवनों की सौगात का स्वागत करते हुए इसे पथरिया विधानसभा के शैक्षणिक एवं कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।


More Stories
तहसील, जनपद और गांवों तक पहुंचेगा तिरंगा अभियान, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा..
जिला जेल का कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों से जाना हाल..
हटा थाना पहुंचे एसपी आनंद कलादगि, निरीक्षण के बाद जनसंवाद में सुनीं लोगों की समस्याएं..