भड़ाबारी गांव तक नहीं बन पाई पक्की सड़क, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगाई गुहार
जर्जर और कीचड़युक्त रास्ते से आवागमन को मजबूर करीब 400 ग्रामीण, जनसुनवाई में कलेक्टर को सौंपा आवेदन
दमोह। जिला मुख्यालय से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत मारुताल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भड़ाबारी गांव के ग्रामीण लंबे समय से पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्कूली बच्चे दमोह कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव को आवेदन सौंपकर सड़क निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर दमयन्तीपुरम क्षेत्र में बुंदेला बाबा मार्ग से भड़ाबारी गांव की ओर जाने वाला रास्ता बेहद खराब स्थिति में है। बारिश के दौरान यह मार्ग कीचड़ से भर जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। गांव में करीब 400 की आबादी निवास करती है, जिन्हें रोजाना इसी रास्ते से आवागमन करना पड़ता है।
बारिश में बढ़ जाती है ग्रामीणों की परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि कच्चे और क्षतिग्रस्त रास्ते के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार दोपहिया वाहन भी फिसलने की स्थिति बन जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने के कारण बीमार लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में गांव तक वाहन पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार लगा चुके हैं गुहार
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण को लेकर वे कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार आश्वासन मिलने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अब कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि गांव तक पक्की सड़क का निर्माण जल्द कराया जाए, ताकि आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
जिला मुख्यालय से लगे गांव में मूलभूत सुविधा का अभाव
ग्रामीणों की समस्या ने विकास कार्यों को लेकर एक बड़ा सवाल भी खड़ा किया है। जब जिला मुख्यालय से लगे गांव के लोग सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए कलेक्ट्रेट तक पहुंचने को मजबूर हैं, तो दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में विकास कार्यों की स्थिति क्या होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के बाद प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को सड़क निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देगा और जल्द ही भड़ाबारी गांव के लोगों को पक्की सड़क की सुविधा मिल सकेगी।


More Stories
जिला अस्पताल में एक्सपायरी दवा मिलने का आरोप, कलेक्टर से शिकायत..
जिला अस्पताल में शव की जेब से रुपए चोरी का आरोपशव स्ट्रेचर पर था, चोर ने जेब से निकाले 7-8 हजार रुपए; परिजनों ने पकड़कर की पिटाई..
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश..जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से करें काम : कलेक्टर यादव..