बनगांव में महिला की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी ने जहर खाकर किया आत्महत्या का प्रयास
हटा थाना क्षेत्र की सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेजा जबलपुर
दमोह/हटा। हटा थाना क्षेत्र के ग्राम बनगांव में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां 26 वर्षीय महिला वर्षा विश्वकर्मा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात के बाद आरोपी अज्जू उर्फ अजय दुबे ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में पुलिस ने उसे उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों द्वारा जबलपुर रेफर किए जाने की प्रक्रिया की गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वर्षा विश्वकर्मा अपने पति मोनू विश्वकर्मा निवासी भगवा, जिला छतरपुर के साथ मायके से ससुराल जा रही थी। इसी दौरान आरोपी अजय दुबे उसके घर पहुंचा और वर्षा से मुलाकात करने की बात कही। इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही हटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गंभीर घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
परिजनों ने आरोपी पर परेशान करने का लगाया आरोप
मृतिका के परिजनों ने पूरे मामले में आरोपी द्वारा पूर्व से परेशान किए जाने के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस अब हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, आरोपी और मृतिका के बीच संबंध तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपी ने अस्पताल में बताई अलग कहानी
दमोह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान आरोपी अजय दुबे ने पुलिस को बताया कि उसने वर्षा से बातचीत की थी और दोनों ने साथ में मरने की योजना बनाई थी। आरोपी के अनुसार हत्या के बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि आरोपी के इस दावे की पुलिस द्वारा पुष्टि नहीं की गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
एसपी बोले- आरोपी गिरफ्तार, डिक्लेरेशन लेकर जबलपुर रेफर
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि महिला वर्षा विश्वकर्मा की हत्या हुई है। आरोपी अज्जू दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने भी जहरीला पदार्थ खाया है। डॉक्टरों द्वारा उसे जबलपुर रेफर किया जा रहा है। पुलिस आरोपी का डिक्लेरेशन लेकर उसे हिरासत में जबलपुर रेफर करेगी।
बताया जा रहा है कि वर्षा की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक बेटा भी है। फिलहाल हटा थाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।


More Stories
भारी बारिश से दमोह में बाढ़ जैसे हालात, कई इलाकों में जलभराव, 28 लोगों का रेस्क्यू..
दमोह में पंचायत सचिव-सहायक सचिव संगठन का बड़ा ऐलान, आज से काम बंद-कलम बंद..
गेट पर गुटखा चेकिंग और जुर्माना, फिर अस्पताल की दीवारों पर थूक के निशान क्यों?..