जेल अधीक्षक-प्रहरी भर्ती परीक्षा 2026: दूसरे चरण की प्रक्रिया 7 अक्टूबर से..
शारीरिक नाप-जोख, प्रवीणता टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन होंगे; 18 अक्टूबर तक चलेगी प्रक्रिया..
दमोह। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 के प्रथम चरण में सफल अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया की तारीख घोषित कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थियों का शारीरिक नाप-जोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन 7 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
जेल अधीक्षक, जिला जेल दमोह के अनुसार द्वितीय चरण की यह प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के सामने, नाथू बरखेड़ा रोड, नीलबड़, भोपाल में आयोजित होगी।
25 जेल अधीक्षक और 757 प्रहरी पदों पर भर्ती..
संयुक्त भर्ती परीक्षा के तहत सहायक जेल अधीक्षक के 25 पद और जेल प्रहरी के 757 पद निर्धारित हैं। प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में सहायक जेल अधीक्षक पद के लिए 256 अभ्यर्थी तथा जेल प्रहरी पद के लिए 8217 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं। अब इन अभ्यर्थियों का द्वितीय चरण में शारीरिक नाप-जोख, प्रवीणता परीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
वेबसाइट से डाउनलोड करें जरूरी प्रपत्र..
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी के साथ उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थी शारीरिक नाप-जोख, प्रवीणता टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन से संबंधित विस्तृत जानकारी तथा आवश्यक प्रपत्र मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट esb.mp.gov.in और जेल विभाग की वेबसाइट jail.mp.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों।


More Stories
गैसाबाद पहुंची ‘जल जन एवं सेवा संकल्प यात्रा’, पुष्पवर्षा कर किया भव्य स्वागत..
वामन देव प्रकटोत्सव पर सेवा की मिसाल, स्वास्थ्य शिविर में 211 मरीजों की जांच..
दमोह में जुए के खिलाफ कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 19 जुआरी पकड़े..