दमोह के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से मिले विधायक मलैया, मेडिकल कॉलेज को शासकीय स्तर पर संचालित करने की मांग..
प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और नवीन गीता भवन के निर्माण का मुद्दा भी उठाया, खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर खेल मंत्री से की चर्चा..
दमोह। दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर जिले के महत्वपूर्ण विकास कार्यों को लेकर पत्र सौंपा। उन्होंने निर्माणाधीन दमोह मेडिकल कॉलेज को PPP मॉडल पर संचालित किए जाने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करते हुए इसे शासकीय स्तर पर संचालित करने की मांग की। इसके साथ ही शहर की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और नवीन गीता भवन (ऑडिटोरियम) के निर्माण को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।
मेडिकल कॉलेज को शासकीय स्तर पर संचालित करने की मांग..
विधायक मलैया ने कहा कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज दमोह और आसपास के क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, रोजगार और विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने मुख्यमंत्री को सौंपे पत्र में मेडिकल कॉलेज को PPP मोड के बजाय शासन स्तर पर संचालित किए जाने की मांग रखी।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए लगभग 355 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है तथा भवन निर्माण सहित अन्य कार्यों पर बड़ी राशि खर्च की जा चुकी है। फर्नीचर एवं उपकरणों के लिए लगभग 25.93 करोड़ रुपये तथा अस्पताल भवन में बायोमेडिकल उपकरणों की स्थापना के लिए लगभग 20.15 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। मेडिकल कॉलेज के लिए करीब 12.14 हेक्टेयर भूमि भी आवंटित की गई है।
विधायक के अनुसार, इतनी बड़ी राशि से तैयार हो रहा मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि दमोह सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा शिक्षा, रोजगार और क्षेत्रीय विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण की मांग..
मुख्यमंत्री को दिए पत्र में दमोह शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक मलैया ने बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सुभाष कॉलोनी से जबलपुर नाका चौकी तथा सीताबावड़ी से हटा नाका तक सड़क चौड़ीकरण की मांग की है।
उन्होंने कहा कि इन मार्गों के चौड़ीकरण से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
नवीन गीता भवन के निर्माण का मुद्दा भी उठाया..
विधायक ने दमोह में नवीन गीता भवन (ऑडिटोरियम) के निर्माण की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया। इसका उद्देश्य शहर में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध कराना है।
खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर खेल मंत्री से मुलाकात..
इसी क्रम में विधायक जयंत कुमार मलैया ने प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग से भी सौजन्य भेंट कर दमोह में खेल अधोसंरचना के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर चर्चा की।
उन्होंने नवीन स्टेडियम एवं रनिंग ट्रैक निर्माण, वर्तमान स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल, बाउंड्रीवॉल एवं आवश्यक मरम्मत कार्य, खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति तथा हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर फ्लड लाइट लगाने की मांग रखी।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की 10 बड़ी ग्राम पंचायतों में ओपन जिम स्थापित करने का भी आग्रह किया गया।
सिंचाई परियोजनाओं का भी किया उल्लेख..
विधायक मलैया ने दमोह के विकास को लेकर कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र की परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने सतधरू, सीतानगर, पंचमनगर, साझली, जुड़ी सहित विभिन्न सिंचाई एवं स्टॉपडैम परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने का सीधा प्रभाव स्थानीय बाजार और जिले की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। वहीं मेडिकल कॉलेज के संचालन से स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और क्षेत्रीय विकास के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
विधायक जयंत कुमार मलैया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मेडिकल कॉलेज के संचालन संबंधी निर्णय पर पुनर्विचार करने के साथ ही सड़क चौड़ीकरण और नवीन गीता भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।


More Stories
दमोह में साथिया समागम में किशोर स्वास्थ्य पर संवाद, एनएसएस स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों ने लिया सेवा का संकल्प..
अतिवृष्टि से बर्बाद फसलों का मुआवजा दे सरकार : मानक पटेल..
आयुर्वेद दिवस पर विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक..