अतिवृष्टि से बर्बाद फसलों का मुआवजा दे सरकार : मानक पटेल
कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट के सामने धरना देकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, फसल सर्वे कराने की मांग
दमोह। अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने और किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी एवं जिला किसान कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेसजनों ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की बर्बाद फसलों का तत्काल सर्वे कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानक पटेल ने कहा कि जिले के विभिन्न ब्लॉकों में अतिवृष्टि के कारण उड़द की फसल को करीब 90 प्रतिशत और सोयाबीन की फसल को करीब 80 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक किसानों की फसलों का सर्वे तक नहीं कराया गया है।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष दीवान अमरसिंह ने कहा कि किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द फसल नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो किसानों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
सीतानगर परियोजना में 33 गांव शामिल करने की मांग
पूर्व विधायक अजय टंडन और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनु मिश्रा ने कहा कि सीतानगर परियोजना में दमोह विधानसभा क्षेत्र के 33 गांवों को शामिल किया जाना चाहिए, ताकि इन गांवों के किसानों को भी सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं के साथ-साथ दमोह मेडिकल कॉलेज को निजी क्षेत्र में दिए जाने के मुद्दे पर भी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने निजीकरण की नीतियों का विरोध करते हुए मेडिकल कॉलेज को शासन स्तर पर संचालित करने की मांग रखी।
धरना-प्रदर्शन में लक्ष्मण सिंह, रजनी ठाकुर, सुषमा विक्रम सिंह, कमला निषाद, तिलक सिंह, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, विजय बहादुर सिंह, डीपी पटेल, बृजेन्द्र सिंह, मंजीत यादव, लाखन सिंह, बबलू भट्ट, परम यादव, बसंत कुशवाहा, शमीम कुरैशी, मुकेश रोहितास, दिनेश रैकवार, गोपाल रैकवार, अशोक ठाकुर, आशुतोष शर्मा, उवेद गौरी, वकील कुरैशी, योगेश पटेल, विनोद पटेल, हेमराज, प्रवेन्द्र चन्द्रकार, अजय जाटव, वीर सिंह, योगेश बाजपेई, मदन सुमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।


More Stories
दमोह में साथिया समागम में किशोर स्वास्थ्य पर संवाद, एनएसएस स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों ने लिया सेवा का संकल्प..
दमोह के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से मिले विधायक मलैया, मेडिकल कॉलेज को शासकीय स्तर पर संचालित करने की मांग..
आयुर्वेद दिवस पर विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक..