नगर पालिका कर्मचारियों की जायज मांगों को जिला कांग्रेस का समर्थन
दमोह: नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा पूर्व में अपनी वाजिब मांगों को लेकर की गई हड़ताल को जिला कांग्रेस कमेटी ने अपना समर्थन दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रतनचंद जैन और पूर्व नपाध्यक्ष मनु मिश्रा सहित पार्टी के कई पदाधिकारियों ने नगर पालिका के सामने धरना दे रहे कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों को जायज ठहराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारियों ने पहले भी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल की थी और जिला प्रशासन व नगर पालिका प्रशासन के मौखिक आश्वासन के बाद वे काम पर लौटे थे। हालांकि, इसके बावजूद कर्मचारियों की किसी भी मांग को अब तक पूरा नहीं किया गया है।
नगर पालिका कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में से एक महाराणा प्रताप स्कूल को जबरन नगर पालिका से संचालित करने का विरोध है। कर्मचारियों का कहना है कि इस स्कूल को शिक्षा विभाग के अधीन कर देना चाहिए।
धरना स्थल पर पहुंचे जिला कांग्रेस कमेटी के रतनचंद जैन ने कहा कि संबंधित अधिकारी कर्मचारियों की सुध नहीं ले रहे हैं और केवल सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर कर्मचारियों को उनके काम का मेहनताना न देकर मानसिक प्रताड़ना दे रहे हैं। पूर्व नपाध्यक्ष मनु मिश्रा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) द्वारा कर्मचारियों को धमकी देकर काम करवाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। सफाई सभापति पप्पू कसोटया ने आरोप लगाया कि नगर पालिका एक विशेष कर्मचारी द्वारा संचालित की जा रही है।
पार्षदों की ओर से रजनी ठाकुर, तिलक सिंह, कमला निषाद, वीरेंद्र राजपूत, प्रफुल्ल श्रीवास्तव, पार्षद अफजल खान और शैलेंद्र सिंह हेमराज ने कहा कि आज इस हड़ताल को दोनों दलों के पार्षदों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव हुए दो वर्ष से अधिक हो गए हैं और पार्षदों के ही काम नहीं हो रहे हैं, तो आम जनता के क्या होंगे। इसके अलावा, उन्होंने सीएमओ द्वारा संविदा कर्मचारियों की जबरन छंटनी किए जाने को भी नाजायज बताया।
जिला कांग्रेस ने नगर पालिका कर्मचारियों की मांगों का पुरजोर समर्थन करते हुए प्रशासन से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की है।
नगर पालिका कर्मचारियों की जायज मांगों को जिला कांग्रेस का समर्थन..

More Stories
दमोह में छात्रों के लिए नई सौगात, विधायक जयंत मलैया ने किया ग्रंथालय के एक्सटेंशन का शुभारंभ..
अंबेडकर जयंती पर मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश..
डॉ.अंबेडकर जी ने जो काम किया है वह वास्तव में अद्भुत अविस्मरणीय काम हैं-संस्कृति राज्यमंत्री श्री लोधी..