हिंडोरिया में औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई, फार्मासिस्ट के बिना दवा बेचने पर मेडिकल स्टोर बंद..

Spread the love

हिंडोरिया में औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई, फार्मासिस्ट के बिना दवा बेचने पर मेडिकल स्टोर बंद..

दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर जिले में संचालित मेडिकल स्टोर्स के निरीक्षण अभियान के तहत औषधि विभाग ने हिंडोरिया में कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर का संचालन बंद करा दिया। निरीक्षण के दौरान कई मेडिकल स्टोर्स में अनियमितताएं भी सामने आई हैं, जिन पर कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।

औषधि निरीक्षक महिमा जैन ने हिंडोरिया स्थित शिखर मेडिकल, दीप मेडिकल एंड जनरल स्टोर, जेपी मेडिकल एंड जनरल स्टोर, चौरसिया मेडिकल एवं चौधरी मेडिकल का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रग लाइसेंस, रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट की उपस्थिति, दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड, एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव तथा नारकोटिक्स दवाओं से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।

निरीक्षण में जेपी मेडिकल एंड जनरल स्टोर पर रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाओं का विक्रय किया जाना पाया गया। इसके अलावा अन्य अनियमितताएं भी मिलने पर मेडिकल स्टोर का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

औषधि निरीक्षक ने बताया कि कुछ मेडिकल स्टोर्स पर दवाओं के विक्रय रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिले, जबकि एक्सपायरी दवाएं सामान्य स्टॉक के साथ रखी हुई पाई गईं। संबंधित संचालकों को ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट, 1940 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author