120 राशन दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 44 में मिली गड़बड़ी, 1581 क्विंटल खाद्यान्न हेराफेरी उजागर..

Spread the love

120 राशन दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 44 में मिली गड़बड़ी, 1581 क्विंटल खाद्यान्न हेराफेरी उजागर..


दमोह। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में मिल रही लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 120 राशन दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण कराया। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर गठित 120 जांच दलों ने एक साथ छापेमारी की, जिसमें 44 राशन दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान कुल 1581 क्विंटल खाद्यान्न की हेराफेरी का खुलासा हुआ।


कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि संबंधित राशन दुकान संचालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश के तहत नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर और सही मात्रा में राशन मिल सके।


जांच में 37 दुकानों में 10 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न की कमी पाई गई। प्रमुख मामलों में मड़ियादो-2, मोहरा, लरगुवां, सेवा सभा आंजनी, सहजपुर, पोड़ी मानगढ़, फुटेरा कला-1, सुनकड़, मराहार, किल्लाई और सतपारा सहित कई दुकानों में गेहूं और चावल का बड़ा अंतर मिला।


प्रशासन के अनुसार पीओएस मशीन में दर्ज ऑनलाइन स्टॉक और मौके पर उपलब्ध वास्तविक खाद्यान्न का मिलान किया गया। कई दुकानों में रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर मिलने से खाद्यान्न की हेराफेरी की पुष्टि हुई।


कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी राशन दुकान पर कम राशन दिया जाता है, राशन मिलने में परेशानी होती है या कोई अन्य अनियमितता दिखाई देती है, तो इसकी शिकायत जनसुनवाई, फेसबुक पेज या प्रशासन के क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान अवश्य करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक शिकायत की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author