दमोह : 13 दिसम्बर 2023
कलेक्टर मयंक अग्रवाल द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत डी.ओ. खाद्य सुरक्षा प्रशासन दमोह राकेश अहिरवाल के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत सागर नाका दमोह स्थित सब्जी मंडी एवं कचौरा शॉपिंग सेंटर स्थित फल मंडी में थोक एवं फुटकर फल एवं सब्जी विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया। उनके द्वारा उपलब्ध सब्जी एवं फलों की गुणवत्ता की जांच की गई एवं मौके पर थोक एवं फुटकर फल सब्जी विक्रेताओं से मौसमी फल एवं सब्जी जिसमें लाल मिर्च, मटर, अदरक, चकुंदर, गाजर, बरबटी, शिमला मिर्च, मैथी की भाजी, सेम फल्ली, करेला, सेवफल, बनारसी बेर, किन्नू, अनार एवं पिंड खजूर के नमूनें लिए गए।

इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूना संग्रहण की कार्यवाही कचौरा शॉपिंग सेंटर स्थित पप्पू शरीफ फ्रूट मर्चेंट एवं श्री साईं ट्रेडिंग कंपनी, सागर नाका स्थित सब्जी मंडी स्थित विशाल भाई खटीक, महेंद्र पटेल एवं सतीश खटीक सब्जी विक्रेता पर की गई। निरीक्षण की कार्यवाही के दौरान अधिकतर थोक एवं फुटकर सब्जी एवं फल विक्रेताओं के पास खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन मौके पर नहीं पाए गए हैं। मौके पर सभी फल एवं सब्जी विक्रेताओं को दो दिवस के भीतर खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन बनवाने के दिशा निर्देश दिए गए । खाद्य सुरक्षा प्रशासन दमोह की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।


More Stories
पुलिस स्मृति दिवस पर वीर शहीदों को नमन, दमोह पुलिस लाइन में गूंजा श्रद्धांजलि का संदेश..
पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुआ शस्त्र पूजन, जनप्रतिनिधियों ने दिया शक्ति के साथ विवेक का संदेश..
जटाशंकर में विहिप-बजरंग दल का जिला स्तरीय शस्त्र पूजन कार्यक्रम संपन्न..