भारी बारिश से दमोह में बाढ़ जैसे हालात, कई इलाकों में जलभराव, 28 लोगों का रेस्क्यू..
भारी बारिश से दमोह में बाढ़ जैसे हालात, कई इलाकों में जलभराव, 28 लोगों का रेस्क्यू..
सुभाष कॉलोनी में SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा, हिरदेपुर में घरों तक पहुंचा पानी; नाले और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील..
दमोह। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश के बाद शुक्रवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए। कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जबकि नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी का बहाव तेज होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।
भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर के आदेशानुसार दमोह जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के समस्त छात्र-छात्राओं के लिए आज अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
सुभाष कॉलोनी में 28 लोगों का रेस्क्यू..
दमोह देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी के सुभाष कॉलोनी क्षेत्र में देर रात तेज बारिश के बाद पानी भर गया। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल पुलिस बल और SDRF टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।
रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 28 लोगों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला गया। तेज बारिश और जलभराव के बीच पुलिस एवं SDRF की टीम ने लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
हालांकि, सुभाष कॉलोनी में हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आने के बाद अब स्थायी जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन-चार वर्षों से बारिश के दौरान यहां रेस्क्यू की स्थिति बनती रही है, लेकिन जल निकासी की स्थायी समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो पाया है। ऐसे में हर बारिश में रहवासियों को परेशानी और खतरे का सामना करना पड़ता है।
पुराने आईटीओ ऑफिस और सिद्धिविनायक कॉलोनी के पास नाले से दूर रहने की अपील..
शहर में पुराने आईटीओ ऑफिस और सिद्धिविनायक कॉलोनी के पास स्थित नाले में भी पानी का बहाव तेज होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों से विशेष रूप से अपील की गई है कि वे इस नाले के आसपास न जाएं और तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करें।
शहर के कई इलाकों में जलभराव..
भारी बारिश के बाद प्रेम नगर कॉलोनी, कृषि उपज मंडी परिसर, कोर्ट परिसर सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। कई स्थानों पर सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
सागर नाका स्थित कृषि उपज मंडी क्षेत्र में भी पानी भरने के बाद निकासी के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई। मौके पर जमा पानी को बाहर निकालने के लिए रास्ता बनाने और जल निकासी के प्रयास किए गए।
प्रशासनिक अधिकारी मैदान में, लगातार निगरानी..
बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे, एसडीएम सौरभ गांधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन, नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह सहित पुलिस प्रशासन और SDRF की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।
अधिकारियों द्वारा जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति, पानी के बहाव और लोगों की सुरक्षा को लेकर लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यकता वाले स्थानों पर रेस्क्यू और जल निकासी की कार्रवाई की जा रही है।
वैशाली नगर में तेज बहाव में नंदी के बहने की सूचना..
देर रात बारिश के बाद वैशाली नगर क्षेत्र के एक नाले में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया। इसी दौरान एक नंदी के तेज पानी की धार में बह जाने की सूचना सामने आई। स्थानीय लोगों द्वारा उसे बचाने का प्रयास किए जाने की जानकारी है। तेज बहाव के कारण मौके पर स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही। घटना की विस्तृत स्थिति संबंधित विभाग या पुलिस की पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हिरदेपुर में घरों तक पहुंचा पानी, विधायक ने लिया जायजा..
अत्यधिक बारिश के बाद ग्राम पंचायत हिरदेपुर के रहवासी क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति बनी। कई स्थानों पर पानी घरों तक पहुंचने की जानकारी सामने आई। स्थिति की जानकारी मिलने के बाद दमोह विधायक जयंत मलैया मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया।
विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जलभराव और पानी निकासी की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील..
लगातार बारिश के चलते जिले के कई हिस्सों में जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं। नदी, नाले और पुल-पुलियों पर पानी का बहाव अधिक होने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें जिले में बने हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा, रेस्क्यू और पानी निकासी को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


More Stories
दमोह में पंचायत सचिव-सहायक सचिव संगठन का बड़ा ऐलान, आज से काम बंद-कलम बंद..
बनगांव में महिला की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी ने जहर खाकर किया आत्महत्या का प्रयास..
गेट पर गुटखा चेकिंग और जुर्माना, फिर अस्पताल की दीवारों पर थूक के निशान क्यों?..