घंघरी में पुलिस की कार्रवाई, दो संदिग्ध ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार..
2.29 ग्राम स्मैक और 4 से 5 सिरिंज बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई; स्मैक के स्रोत और खपाने के ठिकाने की जांच जारी..
दमोह। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम घंघरी में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से करीब 2.29 ग्राम स्मैक तथा 4 से 5 सिरिंज बरामद की गई हैं। मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घंघरी में कुछ संदिग्ध युवक नशीले पदार्थ के साथ मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घंघरी में संदिग्ध युवकों की घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान मयंक जैन और विकास सेन, निवासी दमोह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक ई-रिक्शा से दमोह से घंघरी पहुंचे थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर उनकी तलाशी ली, जिसमें कथित तौर पर 2.29 ग्राम स्मैक और कुछ सिरिंज बरामद हुईं।
मौके पर संगठन के कार्यकर्ता भी रहे मौजूद..
कार्रवाई के दौरान भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद बताए गए। संगठन के पदाधिकारियों द्वारा भी मामले की जानकारी पुलिस से ली गई। घटना के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को अपनी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक आरोपियों तक कहां से पहुंची और इसे आगे कहां खपाया जाना था। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क हैं या नहीं और इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई..
बरामद नशीले पदार्थ को लेकर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा बरामद सामग्री की जांच एवं प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
वहीं मामले को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन के पदाधिकारियों तथा नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल से बातचीत कर घटना की जानकारी ली गई। थाना प्रभारी ने पुलिस कार्रवाई और बरामदगी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
घर में रखे पटाखों में विस्फोट, युवक गंभीर रूप से घायल..
जिला अस्पताल में शव की जेब से रुपए चोरी का आरोपशव स्ट्रेचर पर था, चोर ने जेब से निकाले 7-8 हजार रुपए; परिजनों ने पकड़कर की पिटाई..
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई, एसपी आनंद कलादगी ने सुनीं आमजन की समस्याएं..