चिरई चोंच के पास अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर, मां-बेटे दोनों की मौत..

Spread the love


चिरई चोंच के पास अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर, मां-बेटे दोनों की मौत


कल्याणपुर से तेरबी जा रहे थे दोनों, हादसे के बाद 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया


दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी के चिरई चोंच के पास हुए सड़क हादसे में मां-बेटे दोनों की मौत हो गई। दोनों कल्याणपुर से नोहटा के आगे तेरबी की ओर जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।


प्राप्त जानकारी के अनुसार रामकृष्ण सिंह पिता बंधू सिंह उम्र 32 वर्ष अपनी मां मंजली बहू पति बंधू सिंह उम्र 65 वर्ष, निवासी कल्याणपुर के साथ जा रहे थे। इसी दौरान चिरई चोंच के पास अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और दोनों घायलों को उपचार के लिए डायल-112 की मदद से दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया गया।


जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने दोनों का परीक्षण कर उपचार शुरू किया। चिकित्सकीय जांच के दौरान दोनों की हालत गंभीर पाई गई। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। डॉक्टरों द्वारा आवश्यक जांच और ईसीजी के बाद दोनों को मृत घोषित किया गया।


अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस..


हादसे की सूचना मिलने के बाद जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।


इस संबंध में पीड़ित परिवार, ड्यूटी डॉक्टर ऐश्वर्या प्रताप सिंह और जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल से जानकारी ली गई। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।


शवगृह में रखे गए शव..


फिलहाल दोनों मृतकों के शवों को दमोह जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
एक ही हादसे में मां-बेटे की मौत से कल्याणपुर में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे के जिम्मेदार चालक तक पहुंचने के प्रयास कर रही है।

About The Author