लिपिक कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन..

Spread the love

लिपिक कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

मंत्रालयीन लिपिक कर्मचारियों के समान वेतनमान और वेतन विसंगति दूर करने की मांग, अनुकंपा नियुक्ति में CPCT की बाध्यता समाप्त करने की मांग

दमोह। लिपिक वर्गीय संघ के प्रांतीय आह्वान एवं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार, 12 सितंबर 2026 को दमोह जिले के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के नाम दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने यह ज्ञापन जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से मंत्रालयीन लिपिक कर्मचारियों के समान वेतनमान का लाभ दिए जाने, लिपिक वर्गीय कर्मचारियों की वेतन विसंगति को दूर करने तथा अनुकंपा नियुक्ति में CPCT की बाध्यता समाप्त किए जाने की मांग की गई।

लिपिक कर्मचारियों द्वारा ज्ञापन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग धर्मेंद्र सिंह लोधी, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री स्वतंत्र प्रभार आनंद विभाग लखन पटेल, दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया, हटा विधायक उमा देवी खटीक तथा जिला कलेक्टर दमोह के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया।

कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन विसंगति सहित अन्य समस्याओं के कारण लिपिक वर्गीय कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर लिपिक कर्मचारी संघ दमोह ने ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल हुए सभी लिपिक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

About The Author