नवागत आईजी इरशाद वली का दमोह आगमन, पुलिस अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
पुराने एवं गंभीर मामलों के शीघ्र निराकरण, नशे के खिलाफ सख्ती और पुलिस गश्त बढ़ाने के दिए निर्देश
दमोह। सागर जोन के नवागत पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली शनिवार को दमोह पहुंचे। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
दमोह आगमन के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने कंट्रोल रूम में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी इरशाद वली ने पुराने एवं गंभीर प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने, शराब, जुआ एवं नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थानों में आने वाले पीड़ितों एवं महिलाओं की शिकायतों पर तत्काल संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया।
समीक्षा बैठक में जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे। बैठक के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने कोतवाली थाने का भ्रमण किया। उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस बल से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


More Stories
लिपिक कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन..
चिरई चोंच के पास अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर, मां-बेटे दोनों की मौत..
जिला अस्पताल में घुन लगे बिस्किट मरीजों को बांटे जाने का मामला..