संभागायुक्त दिलीप कुमार ने पटेरा में विकास कार्यों का किया निरीक्षण..
सांदीपनि विद्यालय और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का लिया जायजा, पौधारोपण कर कार्य समय-सीमा में पूरा करने के दिए निर्देश..
दमोह/पटेरा। सागर संभाग के संभागायुक्त दिलीप कुमार ने शुक्रवार को पटेरा क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचकर व्यवस्थाओं और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान जिला कलेक्टर प्रताप नारायण यादव भी मौजूद रहे।
संभागायुक्त ने सांदीपनि विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए संबंधित कार्यकारी एजेंसी एवं अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालय में पेयजल व्यवस्था और सड़क निर्माण कार्य भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद संभागायुक्त ने पटेरा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के साथ परिसर में पौधारोपण भी किया।
संभागायुक्त ने जल निगम के महाप्रबंधक गौरव सराफ से कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।
उद्यमियों से किया संवाद..
भ्रमण के दौरान संभागायुक्त दिलीप कुमार ने क्षेत्र के उद्यमियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शासन द्वारा उद्यमियों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उद्यमी इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय एवं उद्यम को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सरकार उद्यमियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम हटा राकेश सिंह मरकाम, तहसीलदार उमेश तिवारी, तहसीलदार मानसी अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग पीआईयू के कार्यपालन यंत्री श्री विश्वकर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी श्री पटेल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


More Stories
जिला अस्पताल में घुन लगे बिस्किट मरीजों को बांटे जाने का मामला..
गेट पर गुटखा चेकिंग और जुर्माना, फिर अस्पताल की दीवारों पर थूक के निशान क्यों?..
आमचौपरा मोहल्ले में एयरटेल टावर लगाने का विरोध, कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन..