हटा पुलिस ने 24 घंटे में चोरी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार..

Spread the love


हटा पुलिस ने 24 घंटे में चोरी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार..


सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात, करीब 80 हजार रुपये का माल बरामद; एक आरोपी फरार..


हटा। थाना हटा क्षेत्र के ग्राम बोरी कला में सूने मकान का ताला तोड़कर की गई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है।


पुलिस के अनुसार आजाद वार्ड हटा निवासी मुरारी चौरसिया ने थाना हटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भतीजे श्याम चौरसिया का मकान नागबाबा के पास बोरी कला में है। 10 सितंबर की रात करीब 11 बजे श्याम अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर इंदौर चले गए थे। 11 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे पड़ोसी ने मकान का मुख्य गेट खुला और ताला टूटा होने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला और चोरी की वारदात सामने आई।


रिपोर्ट के बाद पुलिस ने संदिग्धों और घटना से जुड़े सुरागों की जांच शुरू की। मुखबिर तंत्र और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी अन्ना अख्तर पिता नूर खान उर्फ कलू मुसलमान, निवासी हटा ने अपने साथी महेंद्र आदिवासी निवासी नीमन तिगड्डा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।


पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर इन्वर्टर की बैटरी, टीवी का सेट-टॉप बॉक्स, चांदी की दो पायल, संतान साते की चूड़ी, चांदी के पूजा के सिक्के सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।


मामले में फरियादी की रिपोर्ट पर थाना हटा में अपराध क्रमांक 468/2026, धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अन्ना अख्तर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।


एक आरोपी फरार..


चोरी की वारदात में शामिल दूसरा आरोपी महेंद्र आदिवासी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।


कार्रवाई में थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी, एसआई अरविंद राय, प्रधान आरक्षक प्रकाश, प्रधान आरक्षक महेंद्र, आरक्षक रामसिंह, विजय, मोहन साहू एवं पवन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया के निर्देशन, हटा एसडीओपी केपी सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में की गई।

About The Author