त्योहारों को लेकर हटा में पुलिस अलर्ट, अधिकारियों ने निकाला पैदल मार्च..

Spread the love


त्योहारों को लेकर हटा में पुलिस अलर्ट, अधिकारियों ने निकाला पैदल मार्च..


गणेश चतुर्थी और पर्यूषण पर्व को लेकर पुलिस ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी गश्त..


हटा। आगामी गणेश चतुर्थी एवं पर्यूषण पर्व को लेकर दमोह पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के नेतृत्व में हटा अनुभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हटा कस्बे में पैदल मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।


पुलिस अधीक्षक ने थाना हटा में अनुभाग के थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए आगामी त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हटा कस्बे में करीब 40 से अधिक स्थानों पर सार्वजनिक गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त के साथ वाहनों से पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


समीक्षा बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों ने कस्बे में पैदल मार्च निकाला। मार्च थाना हटा से शुरू होकर मंदिर-मस्जिद चौराहा, राय चौराहा, कॉपरेटिव बैंक तिराहा और बड़ा बाजार सहित प्रमुख व्यापारिक एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होते हुए वापस थाना परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान अधिकारियों ने मार्गों, गणेश पंडाल स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।


पुलिस प्रशासन ने नागरिकों, धर्मप्रेमियों और आयोजन समितियों से त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर देने की अपील की है।


पैदल मार्च के दौरान हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह सहित हटा अनुविभाग के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

About The Author