त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, शहर में पैदल भ्रमण कर परखी कानून व्यवस्था..
गणेश पंडालों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई; संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील..
दमोह। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर दमोह पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आ रही है। सोमवार को पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक हरिराम पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी शिव प्रसाद, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार सहित पुलिस बल पैदल भ्रमण पर निकला। पुलिस टीम ने कीर्ति स्तंभ, घंटाघर, बकौली चौक, पुराना थाना, चमन चौराहा, बिलवारी मोहल्ला सहित शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण किया।
40 से 45 गणेश पंडाल चिन्हित..
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शहर में लगभग 40 से 45 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं विराजमान हैं। इन सभी स्थानों को चिन्हित कर पुलिस बल एवं स्टाफ को आगामी करीब 10 दिनों के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पंडालों में सेवा एवं व्यवस्था में लगे लोगों को भी सुरक्षा को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने पंडाल समितियों के सदस्यों एवं वालंटियर्स से कहा है कि रात्रि के समय पंडालों के आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पंडालों में रात के समय मौजूद रहने वाले लोगों की जानकारी भी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
पंडालों में मौजूद लोगों का रखा जाएगा रिकॉर्ड..
कोतवाली पुलिस द्वारा पंडालों में रात्रि के समय रुकने वाले लोगों के नाम दर्ज करने के लिए रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा गणेश पंडालों की सुरक्षा में लगाए गए वालंटियर्स के नाम भी दर्ज किए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
प्रमुख चौराहों पर रात्रिकालीन गश्त..
त्योहारों के मद्देनजर शहर में रात्रिकालीन गश्त को भी बढ़ाया गया है। पुलिस द्वारा मेन चौराहा, बस स्टैंड, अस्पताल चौराहा, घंटाघर, रेलवे स्टेशन और जबलपुर नाका सहित अन्य संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर समय-समय पर भ्रमण और गश्त की जा रही है।
रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते पाए जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी जानकारी सत्यापित करने के निर्देश पुलिस बल को दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह पूरी व्यवस्था त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है।
यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की नजर..
पैदल भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों और प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा यातायात को व्यवस्थित रखने और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने शहरवासियों से अपील की कि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व या सुरक्षा संबंधी समस्या दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि पुलिस 24 घंटे नागरिकों की मदद के लिए उपलब्ध है और जरूरत पड़ने पर 112 अथवा पुलिस को तत्काल सूचना दी जा सकती है।


More Stories
दमोह पुलिस को मिली अत्याधुनिक ‘सीन ऑफ क्राइम’ मोबाइल फॉरेंसिक वैन..
हरदूटोला में कच्ची शराब के अड्डों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 53 लीटर शराब जब्त..
कीर्ति स्तंभ चौराहे पर भव्य दहीहंडी महोत्सव, बाल गोविंदाओं से लेकर बड़ों ने दिखाया उत्साह..