दमोह पुलिस को मिली अत्याधुनिक ‘सीन ऑफ क्राइम’ मोबाइल फॉरेंसिक वैन..
एसपी आनंद कलादगी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, गंभीर अपराधों की जांच में मिलेगी वैज्ञानिक तकनीक की मदद..
दमोह। गंभीर और जटिल आपराधिक मामलों की जांच को और अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में दमोह पुलिस को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ‘सीन ऑफ क्राइम’ मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (IPS) ने विधिवत पूजन-अर्चन के बाद वैन को हरी झंडी दिखाकर कर्तव्य स्थल के लिए रवाना किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने वैन में उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक विशेषज्ञों एवं तकनीकी टीम से उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। नई मोबाइल फॉरेंसिक वैन की मदद से अब पुलिस टीमों को गंभीर अपराधों के घटनास्थल पर ही साक्ष्यों के संकलन, संरक्षण और प्राथमिक परीक्षण की सुविधा मिल सकेगी।
कई अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है वैन..
मोबाइल फॉरेंसिक वैन में फिंगरप्रिंट एवं फुटप्रिंट लिफ्टिंग किट, बैलिस्टिक जांच किट, बायोलॉजिकल सैंपलिंग किट तथा नारकोटिक्स और टॉक्सिकोलॉजी की प्राथमिक जांच के लिए उपकरण उपलब्ध हैं। इसके अलावा हाई-रिजॉल्यूशन डिजिटल कैमरों और सर्च लाइट्स के माध्यम से घटनास्थल का 360 डिग्री दस्तावेजीकरण भी किया जा सकेगा।
जैविक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए वैन में डीप फ्रीजर/कोल्ड स्टोरेज की सुविधा भी उपलब्ध है। रक्त, विस्फोटक और विभिन्न रासायनिक पदार्थों की प्राथमिक पहचान के लिए पोर्टेबल रैपिड टेस्टिंग किट भी इसमें मौजूद हैं।
घटनास्थल पर तत्काल पहुंचेगी फॉरेंसिक टीमएसपी आनंद कलादगी ने कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक पुलिसिंग के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान बेहद जरूरी है। मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से हत्या, डकैती, बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों के साथ-साथ साइबर और डिजिटल फ्रॉड से जुड़े भौतिक साक्ष्यों के मामलों में भी घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इससे साक्ष्यों के दूषित होने या नष्ट होने की संभावना कम होगी और न्यायालय में अभियोजन पक्ष को मजबूत वैज्ञानिक आधार मिल सकेगा। इससे आपराधिक मामलों के अनुसंधान को गति मिलने के साथ दोषियों तक पहुंचने में पुलिस को तकनीकी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, रक्षित निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह कुशवाहा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


More Stories
हरदूटोला में कच्ची शराब के अड्डों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 53 लीटर शराब जब्त..
कीर्ति स्तंभ चौराहे पर भव्य दहीहंडी महोत्सव, बाल गोविंदाओं से लेकर बड़ों ने दिखाया उत्साह..
त्योहारों को लेकर हटा में पुलिस अलर्ट, अधिकारियों ने निकाला पैदल मार्च..