आर्मी जिम में मीटर बायपास कर बिजली चोरी का खुलासा, 1.80 लाख का जुर्माना
दमोह। विद्युत चोरी के खिलाफ विद्युत वितरण कंपनी की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में दमोह शहर के धगट चौराहा स्थित आर्मी जिम में बिजली चोरी का मामला सामने आया है। विद्युत विभाग की टीम ने जांच के दौरान मीटर बायपास कर विद्युत का अनधिकृत उपयोग पकड़ा।
अधीक्षण अभियंता दमोह वृत्त के निर्देशन एवं कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू द्वारा गठित टीम बड़े विद्युत उपभोक्ताओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। इसी अभियान के तहत सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता के नेतृत्व में लाइन कर्मचारियों की टीम ने आर्मी जिम में अचानक जांच की।
जांच के दौरान जिम में 6 एयर कंडीशनर चालू मिले। टीम ने विद्युत कनेक्शन और मीटर की जांच की तो मीटर को बायपास कर बिजली का उपयोग किया जाना पाया गया। इसके बाद मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित जिम संचालक के विरुद्ध विद्युत चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया। विभाग द्वारा मामले में करीब 1.80 लाख रुपये की राशि का जुर्माना निर्धारित कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
विद्युत विभाग द्वारा दमोह शहर में बड़े शोरूम, होटल, जिम, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच लगातार की जा रही है। जांच में मीटर से छेड़छाड़, मीटर बायपास और स्वीकृत भार से अधिक बिजली उपयोग की स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।
कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू ने बताया कि गत माह जबलपुर नाका क्षेत्र स्थित एक होटल में भी जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जिसे संबंधित संचालक द्वारा जमा करा दिया गया है।उन्होंने कहा कि बिजली चोरी और अनधिकृत विद्युत उपयोग के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे वैध कनेक्शन और स्वीकृत भार के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें तथा मीटर से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें।


More Stories
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आज जलेगा 6 लाख से अधिक दीपों का उजियारा..
‘छात्रों की गूंज’ में युवाओं से संवाद करेंगे राहुल गांधी, दमोह से बड़ी भागीदारी का दावा..
दमोह में ‘मैडी पेट शॉप’ का भव्य शुभारंभ, वरिष्ठ पत्रकार संजय सरवरिया ने फीता काटकर किया उद्घाटन..