हरदूटोला में कच्ची शराब के अड्डों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 53 लीटर शराब जब्त..
415 किलो महुआ लहान नष्ट, पांच आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज..
दमोह। रजपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम हरदूटोला में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस ने रविवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह के नेतृत्व में रजपुरा सहित विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने सुबह करीब 4 बजे से गांव में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 53 लीटर कच्ची शराब बरामद की, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 415 किलोग्राम महुआ लहान मौके पर नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में की गई। हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह के नेतृत्व में रजपुरा, मंगरौन, पटेरा, मडियादो सहित दमोह पुलिस की स्पेशल टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार हरदूटोला में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान पांच अलग-अलग प्रकरणों में पांच आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल सामग्री को भी नष्ट किया।
कार्रवाई में डीएसपी शिव प्रसाद कंगाली, रजपुरा थाना प्रभारी शिवनारायण यादव, मंगरौन थाना प्रभारी निरीक्षक वंदना गौर, निरीक्षक सविता रजक, निरीक्षक नेहा गोस्वामी, मडियादो उप निरीक्षक सरदार सिंह, हटा के सहायक उप निरीक्षक सुन्दरलाल, पुलिस लाइन के सउनि तिलक सिंह सहित हटा, मडियादो, रनेह, रजपुरा, कुम्हारी, पटेरा, गैसाबाद और पुलिस लाइन के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


More Stories
दमोह पुलिस को मिली अत्याधुनिक ‘सीन ऑफ क्राइम’ मोबाइल फॉरेंसिक वैन..
कीर्ति स्तंभ चौराहे पर भव्य दहीहंडी महोत्सव, बाल गोविंदाओं से लेकर बड़ों ने दिखाया उत्साह..
त्योहारों को लेकर हटा में पुलिस अलर्ट, अधिकारियों ने निकाला पैदल मार्च..