जनभागीदारी से सेवा संकल्प अभियान को दें जनआंदोलन का स्वरूप : प्रभारी मंत्री परमार..

Spread the love

जनभागीदारी से सेवा संकल्प अभियान को दें जनआंदोलन का स्वरूप : प्रभारी मंत्री परमार

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगी विभिन्न गतिविधियां, ऑनलाइन बैठक में प्रभारी मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

दमोह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं प्रस्तावित गतिविधियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार तथा आनंद विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक शक्ति को विकास, सेवा और जनभागीदारी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों को बेहतर बनाने, शासकीय एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को सुदृढ़ करने, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित स्थानीय व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नागरिकों को सक्रिय सहभागी बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि नागरिक अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए शासन के साथ मिलकर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें। अभियान के माध्यम से सेवा, सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हुए विकसित भारत के निर्माण में समाज की भूमिका को और प्रभावी बनाया जाए।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ और रक्तदान शिविर

बैठक में बताया गया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी। नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी दिन जिला एवं विकासखंड स्तर पर जनसहयोग से रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के सफल संचालन के लिए नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।

विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को अभियान से जोड़ने के साथ उनके सम्मान की भी तैयारी की गई है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि 17 सितंबर को आयोजित होने वाली गतिविधियों में अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

स्कूल-कॉलेजों में होंगी रचनात्मक गतिविधियां

बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इनमें ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा संगीतमय नाट्य प्रस्तुति’, ‘आंगन मिलन’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा के रंग’, ‘राष्ट्र के संग’, ‘25 साल-25 कहानी’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं।

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत शासकीय एवं निजी स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में विकसित भारत की थीम पर निबंध लेखन एवं चित्रकला जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा संगीतमय नाट्य प्रस्तुति’ के माध्यम से संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के समन्वय से स्थानीय कलाकारों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

हितग्राहियों की सफलता की कहानियां होंगी साझा

अभियान के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को भी सामने लाया जाएगा। ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को वीडियो, रील और अन्य माध्यमों से साझा किया जाएगा। इसका उद्देश्य अन्य पात्र नागरिकों को भी शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि महज औपचारिक आयोजन बनकर न रह जाए। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को प्रत्यक्ष रूप से जोड़ा जाए और सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत किया जाए। उन्होंने जिला स्तर से लेकर ग्राम और वार्ड स्तर तक प्रभावी समन्वय, सतत निगरानी तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में दमोह विधायक जयंत मलैया, हटा विधायक उमादेवी खटीक, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, भाव सिंह मासाब सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर महेश पटेल, संजय सेन, संजय यादव, अमित बजाज, मनीष तिवारी, वर्षा रैकवार, प्रिंस जैन, राघवेंद्र सिंह परिहार, मनीष सोनी, कपिल शुक्ला, मनोज खरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

बैठक में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, अपर कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियों की समयबद्ध तैयारी करते हुए अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

About The Author