बटियागढ़ में ससुर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार..

Spread the love

बटियागढ़ में ससुर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पत्नी को मायके से विदा न करने को लेकर हुआ था विवाद, बीच-बचाव करने आई महिला पर भी किया था हमला

दमोह। बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौधा में पारिवारिक विवाद के दौरान ससुर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने छतरपुर जिले के बक्सवाहा बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को ग्राम पिपरौधा में पत्नी रश्मि को मायके से विदा न करने की बात को लेकर आरोपी रामप्रसाद उर्फ गोठल का अपने ससुर रमेश रैकवार से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपी ने रमेश रैकवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची गंगा रैकवार पर भी आरोपी ने जान से मारने की नीयत से गले पर कुल्हाड़ी से वार किया था।


घटना की रिपोर्ट पर बटियागढ़ थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 255/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 109 के तहत मामला कायम कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने लगातार आरोपी की तलाश करते हुए 15 सितंबर को ग्राम बक्सवाहा बस स्टैंड, जिला छतरपुर से घेराबंदी कर रामप्रसाद उर्फ गोठल पिता लूले रैकवार, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम लिड़ाई बम्होरी, थाना बटियागढ़ को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी में बटियागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रजनी शुक्ला सहित थाना बटियागढ़ और चौकी केरबना के पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

About The Author